श्रीकृष्ण रंग में रंगा खैरथल जयनारायण उद्यान में भव्य कार्यक्रम के दौरान कई बच्चे श्री कृष्ण रंग में रंगे आए नजर
खैरथल (हीरालाल भूरानी) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर भर में जबरदस्त उत्साह रहा। नगर के इष्टदेव श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर सहित बालाजी मंदिर, खाटूश्यामजी मंदिर, आनंद नगर कॉलोनी स्थित मंगलगिरी आश्रम, गायत्री मंदिर, सिवाना रोड़ स्थित माता मंदिर में बेहद खूबसूरत सजावट कर झांकियां सजाई गई। वहीं नगर के ह्रदयस्थल लाला जयनारायण पांची देवी स्मृति उद्यान में दिल्ली के प्रतिष्ठित व्यवसाई नवलकिशोर झालानी द्वारा आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में भी भारी भीड़ रही। उद्यान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मथुरा के कलाकारों द्वारा संगीतमय आद्यात्मिक नृत्यों एवं नाटकों की प्रस्तुतियां दी गई। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर जिला कलेक्टर किशोर कुमार की सपरिवार मौजूदगी रही। सांय आठ बजे से मध्य रात्रि एक बजे तक चले इस कार्यक्रम का लोगों ने भरपूर आनंद लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ब्रज की भव्य झांकी, मयूर नृत्य, श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन, अघोरी नृत्य पर समूचे उद्यान में मौजूद लोग झूम उठे। उल्लेखनीय है कि खैरथल के मूल निवासी एवं वर्तमान में दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति नवलकिशोर झालानी वर्षभर अपनी जन्मभूमि खैरथल में अनेक सामाजिक एवं आद्यात्मिक कार्यक्रम करते रहते हैं जिनमें जन्माष्टमी महोत्सव खास रहता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ही झालानी जी का जन्मदिन होता है इसलिए उनके प्रशंसक भी इसके लिए खास तैयारियां करते हैं। आज के कार्यक्रम में सर्वप्रथम गणपति पूजा और माता सरस्वती वंदन के बाद अद्भुत झांकियां एवं नृत्य नाटिकाओं के प्रस्तुतिकरण के साथ खासतौर पर आद्यात्मिक एवं राष्ट्रवाद का संदेश भी दिया गया। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर एवं उनके परिवार के साथ विशिष्ट अतिथि नगरपरिषद में प्रतिपक्ष के नेता विक्की चौधरी, उपसभापति वरूण डाटा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवचरण गुप्ता, माउंट आबू के पूर्व चेयरमैन सुनील आचार्य, प्रमुख व्यवसाई सुभाष गोयल सहित अनेक लोग की मौजूदगी में मंच पर ही नवलकिशोर झालानी के प्रशंसकों ने केक काटकर उनका जन्मदिन भी मनाया। इसी कार्यक्रम के दौरान समाजिक सरोकारों में सहयोग देने वाले स्वयंसेवियों का मंच पर सम्मान किया गया। रात्री 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म की झांकी के प्रस्तुति के उपरांत महाआरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस जन्माष्टमी पर सोशल मीडिया पर भी बच्चों की सुंदर तस्वीरें चर्चा में रही। खैरथल के दो बच्चों रूद्र और जीविका की पांच वर्ष पुरानी तस्वीर भी इस बार अचानक से वायरल हुई। यह दोनों बच्चे जन्माष्टमी, रामनवमी एवं नवरात्रि पर प्रत्येक वर्ष आद्यात्मिक रूप से सजधज कर मंदिरो का भ्रमण करते हैं। दोनों बच्चे को कई मंत्र व संस्कृत के धार्मिक स्तोत्र कंठस्थ है।


