भरतपुर संभागीय संस्कृत छात्र क्रीड़ा महोत्सव का महुआ में आगाज, 30 टीमों के 450 खिलाड़ी, 50 प्रशिक्षक हुए शामिल

Aug 21, 2025 - 14:41
 0
भरतपुर संभागीय संस्कृत छात्र क्रीड़ा महोत्सव का महुआ में आगाज, 30 टीमों के 450 खिलाड़ी, 50 प्रशिक्षक हुए शामिल

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित संभाग स्तरीय प्रवेशिका एवं वरिष्ठ उपाध्याय छात्र वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज गुरुवार को महुआ स्थित रेशम कौर हरभेजी देवी राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय परिसर में हुआ। प्रतियोगिता में संभाग के भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली और सवाईमाधोपुर जिले से आई 30 टीमों के करीब 450 खिलाड़ी और 50 शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक शामिल हुए।
यह प्रतियोगिता 21 से 25 अगस्त तक चलेगी, जिसमें वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन सहित एथलेटिक्स की सभी विधाओं की स्पर्धाएं कराई जाएंगी। खिलाड़ी पांच दिन तक आपसी प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 
उद्घाटन में हुआ भव्य आयोजन
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संभागीय संस्कृत शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार बागौरिया उपस्थित रहे। उन्होंने मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निष्पक्ष खेल की प्रेरणा दी। अध्यक्षता वरिष्ठ भामाशाह एवं सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक राजस्थान स्टेट सीड कॉरपोरेशन हीरेंद्र सिंह इंदौलिया ने की। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि जीवन में अनुशासन और लक्ष्य साधने की सीख देते हैं। ऐसे आयोजनों से संस्कृत विद्यालयों के छात्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। हीरेंद्र सिंह इंदौलिया ने कहा कि ग्रामीण अंचल के छात्र खेलों के जरिए राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना सकते हैं, बस उन्हें अवसर और सही मंच की जरूरत है। उन्होंने भामाशाहों का आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग आने वाली पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी सत्य प्रकाश लुहाच, देवेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, मुकेश सिंघल, ताराचंद जागिंड और नीरज वर्मा शामिल हुए। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य एवं केंद्र अध्यक्ष दीवान सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। 
भामाशाहों ने उठाया खिलाड़ियों का पूरा खर्च-
इस प्रतियोगिता की विशेषता यह है कि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की पूरी जिम्मेदारी गांव और क्षेत्र के भामाशाहों ने उठाई है। सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक हीरेंद्र सिंह इंदौलिया की प्रेरणा से कई समाजसेवी आगे आए और उन्होंने उदारतापूर्वक सहयोग दिया। 
पांच दिन तक चलेगा खेलों का रोमांच-
आगामी पांच दिनों तक विभिन्न मैदानों और कोर्ट पर खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहेगा। कबड्डी और कुश्ती के दांव-पेंच हों या वॉलीबॉल और बैडमिंटन की तेज़ रफ्तार स्पर्धाएं, हर जगह छात्र-खिलाड़ियों का जज्बा देखने को मिलेगा। विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता का माहौल पूरी तरह खेलमय और उत्साहपूर्ण बना हुआ है।
निर्णायक मंडल और संचालन-
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सफल बनाने के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया। इसमें मुख्य निर्णायक की भूमिका यदुवीर सिंह, रामावतार कापड़ी, मोहन सिंह और सत्यवीर सिंह निभाएंगे। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक मेघ सिंह तथा सहायक पर्यवेक्षक वीरेंद्र सिंह होंगे। उद्घाटन समारोह का संचालन धर्मदेव आर्य और सुखदेव सिंह ने सामूहिक रूप से किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................