मुंडावर पत्रकार संघ की बैठक में बनी नई कार्यकारिणी
मुंडावर (देवराज मीणा) मुंडावर पत्रकार संघ की बैठक शनिवार को ब्लॉक अध्यक्ष किशनलाल रोघा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस मौके पर संघ की नवीन कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से संरक्षक पद पर वरिष्ठ पत्रकार किशनलाल रोघा और अनिल शर्मा को मनोनीत किया गया। वहीं अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी टिंकू सैन को सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर अनिल बजाज, कोषाध्यक्ष पद पर लोकेश रोघा, सचिव पद पर ताराचंद तथा प्रवक्ता पद पर चरणसिंह चौधरी को नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त मंत्री पद की जिम्मेदारी हवासिंह चौधरी को दी गई, जबकि महामंत्री के पद पर संदीप यादव को चुना गया। संगठन की मजबूती और सक्रियता बढ़ाने के लिए पवन भारद्वाज, देवराज मीणा, अमित रोहिल्ला और संदीप कुमार को सदस्य के रूप में कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
बैठक में पत्रकारों ने क्षेत्र में कार्य कर रही मीडिया की चुनौतियों और समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, जो समाज की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम बनता है। इस दौरान यह भी तय किया गया कि पत्रकार संघ समय-समय पर जनहित से जुड़े मुद्दों पर बैठकें आयोजित कर उचित पहल करेगा।
नवगठित कार्यकारिणी को पदभार ग्रहण कराने के बाद उपस्थित पत्रकारों ने उन्हें बधाई दी और आशा जताई कि नई टीम पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएगी तथा संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करेगी। बैठक में ब्लॉक स्तर पर पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएं और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। पत्रकारों ने कहा कि निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता के लिए संघ हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा।इस मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे और उन्होंने संगठन की एकजुटता तथा मजबूती पर बल दिया।