वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा दिनांक 7-12 सितम्बर 2025 तक अनुपस्थित एवं बीमारी का बहाना बनाने पाले कार्मिकों के खिलाफ की जायेगी कडी कार्यवाही
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा 7 से 12 सितम्बर 2025 तक वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा 2024 का आयोजन भरतपुर जिला मुख्यालय के परीक्षा केन्द्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा आयोजन के सम्बन्ध में गुरूवार को परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
परीक्षा नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 7 से 12 सितम्बर तक परीक्षा जिला मुख्यालय के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी। गत परीक्षाओं के आयोजन में ध्यान में आया है कि परीक्षा आयोजित कराने वाले कार्मिक एवं अधिकारी परीक्षा दिवस पर परीक्षा केन्द्र से अनुपस्थित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्मिकों के इस कृत्य से परीक्षा आयोजन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे कार्मिक भी हैं जो प्रत्येक परीक्षा में अपनी नई-नई बीमारियों का बहाना बनाकर परीक्षा ड्यूटी काटने का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि 7 से 12 सितम्बर तक आयोजित होने वाली ये परीक्षा काफी बड़ी है, इस परीक्षा में सभी लापरवाह एवं आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ परीक्षा अधिनियम के प्रावधानों के साथ-साथ कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही भी अमल में लाई जायेगी। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ भी सीसीए नियमों में कठोर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सभी सम्बन्धित विभाग आपसी समन्वय करते हुए परीक्षा सम्बन्धी कार्यों को पूर्ण मुस्तैदी से करें। परीक्षा दिवसों में प्रतिदिन लगभग 38 हजार परीक्षार्थी जिला मुख्यालय पर परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे में शहर की यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को बनाये रखना बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्य प्रबन्धक रोडवेज, स्टेशन अधीक्षक रेल्वे एवं जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि परीक्षा दिवसों में मुख्यालय पर भरतपुर जिले के अलावा डीग, करौली एवं धौलपुर जिले से भी परीक्षार्थी आयेंगे। ऐसे में अन्य जिलों एवं जिले की अन्य तहसीलों से आने वाले परीक्षार्थियों को आने-जाने के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध करवाया जाना सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पर्याप्त चिकित्सा दल मय दवाईयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कोषाधिकारी को आने वाले प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखवाने एवं परीक्षा दिवसों पर समय से पेपर निकलवाने की व्यवस्था एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को परीक्षा केन्द्रों एवं भरतपुर शहर में कानून व्यवस्था हेतु पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने हेतु निर्देशित किया। पुलिस उपाधीक्षक यातायात को शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ करने, जयपुर विद्युत वितरण निगम व बीईएसएल के अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उपाधीक्षक यातायात एवं जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिये गये कि भरतपुर शहर की ऑटो चालक संगठनों से वार्ता कर उन्हें पाबन्द करें कि परीक्षा देने हेतु आने वाले परीक्षार्थियों से निर्धारित राशि से अधिक नहीं वसूलें।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, कोषाधिकारी भरतपुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, मुख्य प्रबन्धक रोडवेज, जयपुर विद्युत वितरण निगम तथा बीईएसएल के अधिकारी तथा स्टेशन अधीक्षक रेल्वे उपस्थित रहे।


