रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का राजकीय महाविद्यालय मालखेड़ा में शुभारंभ
अलवर (अनिल कुमार गुप्ता) अलवर जिले के राजकीय महाविद्यालय मालखेड़ा में आज रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ हुआ। यह कार्यक्रम विशेष रूप से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रवि कुमार विजय द्वारा किया गया। अपने संबोधन में, प्राचार्य ने इस पहल की सराहना की और कहा, "आज के समय में महिलाओं और लड़कियों के लिए आत्मरक्षा का ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ शारीरिक सुरक्षा के बारे में नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक माहेश्वरी ने बताया की यह प्रशिक्षण महाविद्यालय की छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा |
शिविर प्रभारी डॉ. रेनू शर्मा ने बताया की प्रशिक्षण शिविर 24 कार्यदिवस तक चलेगा, जिसमें विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों के साथ-साथ कानूनी अधिकारों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।