कृषि विभाग ने अलावड़ा में खाद के लिए सैंपल: गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा
रामगढ़ / अलवर
अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड के अलावड़ा कस्बे स्थित ग्राम सेवा सहकारी समिति का कृषि विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। सहायक निदेशक कृषि मंगतुराम शर्मा अपनी टीम के साथ सहकारी समिति कार्यालय पहुंचे और गोदाम में रखे खाद की जांच की।
सहायक निदेशक मंगतुराम शर्मा ने बताया कि टीम ने किसानों को वितरित किए जाने वाले यूरिया और कैल्शियम नाइट्रेट खाद के नमूने लिए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। किसानों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 'भू नियंत्रण अभियान' चलाया जा रहा है। इसके तहत समितियों और विक्रेताओं से समय-समय पर खाद के नमूने लेकर जांच करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि यदि जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित कंपनी और सप्लायर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान समिति में मौजूद किसानों ने विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि खाद की गुणवत्ता सही होने से फसलों की पैदावार बेहतर होगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। उनका मानना है कि ऐसी जांच से मिलावटी खाद बेचने वालों पर अंकुश लगेगा और उन्हें राहत मिलेगी।