100 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले मे चार और आरोपी हत्थे चढ़े,खुल सकती साइबर ठगी की और परतें
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर वैशाली नगर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन साइबर संग्राम के तहत एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए अब तक कुल दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने सैकड़ों फर्जी करंट अकाउंट, कॉर्पोरेट अकाउंट और म्यूल अकाउंट साइबर ठगों को कमीशन पर बेचकर 100 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया था साइक्लोन सेल की रिपोर्ट के अनुसार संदिग्ध खातों की साइबर फ्रॉड शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें करीब 41 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया खाते से जुड़े लेन-देन में लगभग 2 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी फर्म, टर्नओवर और दस्तावेजों का सहारा लेकर बैंक अकाउंट खुलवाते और फिर इन्हें साइबर गिरोह को बेच देते थे। ठग इन खातों का इस्तेमाल बैटिंग, गेमिंग और निवेश ठगी के जरिए करोड़ों की कमाई निकालने के लिए करते थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 7 चैकबुक, 19 एटीएम, 6 पासबुक, 12 हस्ताक्षरशुदा चैक, 27 मोबाइल, 27 सिम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, 3 आरसी और एक कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में जगसीर उर्फ जस्सी, वेदपाल यादव, भगवान सिंह, पंकज कुशवाह शामिल हैं, जबकि इससे पहले संजय अरोड़ा, गौरव सचदेवा, अमित बंसल, रामवीर पांचाल, सतीश कुमार बैरवा और प्रेम पांचाल को गिरफ्तार किया जा चुका है।


