जिला नाम परिवर्तन के विरोध में पुष्करणा समाज ने तिरंगा रैली निकाली
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
राजस्थान की भाजपा सरकार ने खैरथल तिजारा जिले का नाम परिवर्तन कर भर्तृहरि नगर करने और जिला मुख्यालय दूसरी जगह ले जाने की चर्चाओं के बीच खैरथल में करीब 2 महीने से भाजपा सरकार के खिलाफ जिला बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन जारी है। खैरथल में ही जिला मुख्यालय बनाए रखने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को रविवार को एक और मजबूत पुष्करणा समाज का समर्थन मिल गया है। पुष्करणा समाज खैरथल ने जिला मुख्यालय बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन में शामिल होने की घोषणा करते हुए पूरी ताकत के साथ समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। जिला मुख्यालय बचाओ संघर्ष समिति का धरना रविवार को 57वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान पुष्करणा समाज के लोगों ने पुष्करणा मंदिर से घोड़ी पर सवार होकर गाजे बाजे के साथ तिरंगा रैली निकाल कर नई अनाज मंडी पार्क में स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर संघर्ष समिति को समर्थन देकर आंदोलन को और मजबूत कर दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद समाज के महिला पुरुषों ने जिला मुख्यालय के समर्थन में जमकर नारे लगाए। पुष्करणा समाज के सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं संगठन ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक सरकार खैरथल को जिला मुख्यालय घोषित नहीं करती है तब तक आंदोलन को हरसंभव सहयोग मिलता रहेगा। धरना स्थल से पुष्करणा समाज ने कहा खैरथल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक पहचान के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सिर्फ एक नाम या स्थान का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की अस्मिता का सवाल है। इस मौके पर मौजूद किशनगढ़ बास विधायक दीपचंद खैरिया ने संगठन की ओर से जिले के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी जातियों और वर्गों को एकजुट होकर इस संघर्ष में भाग लेना चाहिए, ताकि खैरथल की पहचान सुरक्षित रह सके। इस दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों ने पुष्करणा समाज के लोगों का फूल माला पहना कर सम्मान स्वागत किया। इस मौके पर पुष्करणा समाज के 98 वर्षीय बुजुर्ग हासीराम लोढ़ा, सेवाराम दादानी, बंसीधर छंगाणी, किशोर भगत, शंकर लाल पुरोहित, जयप्रकाश हेड़ाऊ पूर्व मंडल अध्यक्ष, नारायण छंगाणी, पवन कुमार वासु, अशोक हेड़ाऊ, राजेश कांवटा, जयप्रकाश हेड़ाऊ, प्रकाश दादानी , गिरीश लोढ़ा महेश वासु, कैलाश वासु, जयराम वासु, राजू पंडित, कुमोद हेड़ाऊ, देवेन्द्र मांधु, पुष्कर आचार्य, हरीश जोशी सहित सैकड़ो की संख्या में पुष्करणा समाज की महिला और पुरुष मौजूद थे। इस दौरान विधायक दीपचंद खैरिया, गिरीश डाटा, कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष विक्रम सिंह चौधरी, निक्की प्रजापति सहित सभी जिला बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने पुष्करणा समाज का आभार व्यक्त किया।

