ब्रज-मेवात विश्वविद्यालय खोलने, जुरहरा औधोगिक क्षेत्र के विकास की मांग
भरतपुर (विष्णु मित्तल) 6 अक्टूबर। मेवात क्षेत्र के सर्वागीण विकास रोजगार व उच्च शिक्षा के लिए ब्रज-मेवात विश्व विद्यालय खोलने, जुरहरा औद्योगिक क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाईयां स्थापित कराने व रोजगार परक शिक्षा के लिए प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की मांग समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने प्रधान मंत्री को पत्र लिख कर की है। पत्र में कहा है कि शिक्षा व रोजगार के अभाव में क्षेत्र के युवा और गैर सामाजिक गतिविधियों में शामिल होकर अपने भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं।
गुप्ता द्वारा लिखे गये पत्र में कहा है कि जुरहरा में राज्य सरकार द्वारा ग्रोथ सेंटर के नाम से औद्योगिक क्षेत्र करीब 30 वर्ष पहले स्थापित किया। औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना के लिए सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध होने के बाद राज्य सरकार की उदासीनता के कारण विकास नही हुआ। जबकि क्षेत्र मे सस्ती श्रम शक्ति मौजूद है। यदि यह औद्योगिक क्षेत्र विकसित होता है तो क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा जिससे युवाओं की गैर सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने की प्रवृति पर अंकुश लग जायेगा। यद्यपि संस्था समाज से मिलकर युवाओं को मुख्यधारा में लाने का निरंत्तर प्रयास कर रही है। जिसके आशातीत परिणाम भी मिले हैं।
मेवात क्षेत्र युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए कोई विश्व विद्यालय नही है। यदि ब्रज-मेवात के नाम से क्षेत्र में सभी समाजों के युवाओं के अध्ययन के लिए विश्व विद्यालय खोल दिया जाये तो क्षेत्र के युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर उच्च पद प्राप्त कर रोजगार प्राप्त कर सकते है। इसी प्रकार क्षेत्र के बहु-संख्यक बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के लिए सीमित संख्या में पॉलिटेक्निक कॉलेज है। ऐसी स्थिति मे मेवात क्षेत्र के प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर पॉलिटेक्निक कॉलेज खोल दिये जाये तो इनमें ये युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर नजदीकी हरियाणा या दिल्ली के औद्योगिक संस्थानों में रोजगार प्राप्त कर सकते है। रोजगार प्राप्ति के बाद बेरोजगार युवाओं की मानसिक स्थिति में परिवर्तन आयेगा जिससे मेवात अपराध मुक्त होने के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकेगा ।


