श्याम जागरण में बाबा के दरबार में लगाई भक्तों ने हाजिरी
राजगढ़ (अलवर). अनिल गुप्ता
राजगढ़ के समीपवर्ती पिनान में श्री श्याम जागरण महोत्सव समिति पिनान के तत्वावधान में तृतीय श्याम जागरण ज्योतिबा फूले पार्क में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अखण्ड़ ज्योति प्रज्वलन के साथ किया गया। छप्पन भोग व आरती उपरांत कलाकारों ने गणेश वंदना से जागरण का शुभारंभ किया। अनेकों श्याम मंडल व समितियों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। समिति अध्यक्ष राजकुमार उर्फ मोन्टी बंसल ने बताया कि आयोजित कार्यक्रम से पूर्व प्रातः नगर में महिलाओं की ओर से कलश यात्रा व श्याम प्रेमियों की ओर से निशान यात्रा निकाली गई। देर शाम को जागरण कार्यक्रम शुरू हुआ। अलौकिक खाटू के दरबार में गायक कलाकारों ने श्याम भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर पांडाल को सजाएं रखा। भजन गायकी खुशबु राधा श्री धाम वृंदावन के राधा-कृष्ण भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बटोरी। वहीं वकील निराला राजगढ़, दिनेश-सतवीर गुढ़ा व पिंकी सिंधी के भजनों पर रातभर श्याम प्रेमी भक्ति भाव में डूबे रहे। भजनों के दौरान राधा-कृष्ण, हनुमान, शंकर आदि की झांकियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। इत्र व पुष्प वर्षा से वातावरण सुगंधित बना रहा। इस अवसर पर समिति सदस्य सहित सर्व समाज के सम्मानित, गणमान्य, समाजसेवी व स्वयंसेवक मौजूद रहे।


