करवा चौथ पर 11 गूलर के पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नारायणपुर । उपखण्ड के प्राचीन अरावली पर्वतमाला की तलहटी में बसे खेड़ापति बाबा संज्यानाथ महाराज की तपोस्थली धामेड़ा धाम में करवा चौथ के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्रीकृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति द्वारा केंद्र सरकार के एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित होकर चलाए जा रहे वर्षपर्यंत पर्यावरण बचाओ - पेड़ पौधे लगाओं महा अभियान के तहत महंत पीर विवेकनाथ महाराज के सानिध्य व सचिव सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में 11 गूलर के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया गया। सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि करवा चौथ के पावन अवसर पर गूलर के पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश देना एक अद्भुत पहल है। गूलर का पेड़ न केवल पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हमारे जीवन में भी कई तरह से लाभकारी होता है। गूलर के पेड़ वायु प्रदूषण को कम करने में मदद करते हैं और ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाते हैं। इनमें विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के लिए आवास प्रदान करते हैं और पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाते हैं। गूलर के पेड़ का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है इसलिए विशेष पर्व, उत्सव, जन्मदिवसों के उपलक्ष्य पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के कार्य हर व्यक्ति को करने चाहिए। इस मौके पर समाजसेवी रामनिवास गोवलिया कोटपूतली, भीमर्या शर्मा, बनवारी लाल सैनी, संगठन मंत्री महेश चंद सैनी, निदेशक मोनू शर्मा, केशव शर्मा, पूरण लौधी आदि लोग मौजूद थे।

