गोविंदगढ़ में 30 परिवारों को मिले नए मकानः धनतेरस पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुआ गृह प्रवेश
गोविंदगढ़ (अलवर)
अलवर के गोविंदगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में धनतेरस का पर्व 30 गरीब परिवारों के लिए खास रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत इन परिवारों को नए मकानों की चाबी सौंपी गई। नए घरों में प्रवेश से पहले महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर गृह प्रवेश किया।
ग्राम पंचायत घाट में कमला पत्नी राजेश बंजारा के घर में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अर्चना चौधरी, विकास अधिकारी लेखराज सैनी, सहायक विकास अधिकारी सुभाष शर्मा, जिला परिषद सदस्य सरिता राज, प्रशासक भगवान और ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र शर्मा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
गोविंदगढ़ के विकास अधिकारी लेखराज सैनी ने बताया कि इस योजना के तहत लाभार्थियों को 1 लाख 20 हजार रुपए की सहायता राशि तीन किस्तों में दी गई है। इसके अतिरिक्त, मनरेगा के तहत 90 दिनों का रोजगार भी प्रदान किया गया है। आज पंचायत समिति क्षेत्र के कुल 30 परिवारों को नए मकानों की चाबी सौंपी गई है।


