दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पलटी स्कॉर्पियो चकनाचूर, जयपुर अस्पताल में तीसरे युवक ने भी तोड़ा दम
अलवर के लक्ष्मणगढ़ इलाके में हुए सड़क हादसे में घायल एक और युवक की मौत हो गई है। शुक्रवार को जयपुर में इलाज के दौरान अस्पताल में तीसरे युवक ने दम तोड़ दिया। हादसे के पांच दिन पहले ही खरीदी गई नई स्कॉर्पियो सात बार पलटी खाकर चकनाचूर हो गई थी।
हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 122.1 के पास हुआ था। 7 नवंबर देर रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई थी। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
हादसे में एक की हुई थी मौत, चार हुए थे गंभीर घायल
7 नवंबर को हादसे वाले दिन चालक कप्तान निवासी धमरेड़, राजगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को पहले अलवर और फिर गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान 9 नवंबर को धर्मेंद्र पुत्र पप्पूराम जागा (26) निवासी राजगढ़ ने दम तोड़ दिया था।
जयपुर के सरकारी अस्पताल में तीसरे युवक की मौत
इसके बाद शुक्रवार सुबह तीसरे घायल डैनी जागा पुत्र पप्पूराम जागा निवासी बारलाबास, राजगढ़ ने भी जयपुर के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। डैनी एक बेटी का पिता था। वह टैक्सी ड्राइवर था।
दिल्ली से लौटते समय सात बार पलटी थी स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार, राजगढ़ निवासी जितेंद्र ने हादसे के पांच दिन पहले ही नई स्कॉर्पियो खरीदी थी, जिसे मॉडिफाई कराने के लिए दिल्ली लेकर गया था। दिल्ली से लौटते समय लक्ष्मणगढ़ के पास तेज धमाके के साथ गाड़ी बेकाबू होकर करीब सात बार पलटी मारी और पूरी तरह चकनाचूर हो गई थी।
हादसे में घायल हुए जितेंद्र पुत्र पप्पूराम जागा, राकेश पुत्र जगदीश, डैनी पुत्र पप्पूराम जागा और धर्मेंद्र पुत्र पप्पूराम जागा को पहले अलवर ले जाया गया था। धर्मेंद्र और डैनी को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था, जहां दोनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।