एसआईआर में जिले में 7 लाख 54 हजार 401 गणना प्रपत्र हुए डिजिटाईज्ड, शत प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले 24 बीएलओ हुए जिला स्तर पर सम्मानित
एसआईआर बीएलओ की टीम भावना, जोश व तत्परता से पूरा होगा- जिला निर्वाचन अधिकारी
भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) जिले में बीएलओ की सक्रियता से 7 लाख 54 हजार 401 गणना प्रपत्र डिजिटाईज्ड किये जा चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर कमर चौधरी गणना प्रपत्र शत प्रतिशत डिजिटाईज्ड करने वाले 24 बीएलओ के उत्साहवर्धन हेतु शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समारोह आयोजित कर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
जिला जिला कलक्टर ने कहा कि मतदाता सूची गहन सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम बीएलओ के जोश, तत्परता और टीम भावना से ही संभव है। स्वच्छ पारदर्शी त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने में बीएलओ नींव के पत्थर के समान है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची त्रुटि रहित, स्वच्छ तैयार करना बहुत बड़ा राष्ट्रीय कार्य है, इसमें प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना, गणना प्रपत्र वितरित कर भरवाना तथा डिजिटाईज्ड करने तक बीएलओ की माहत्ती भूमिका हैै। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ इसके लिए प्रशंसा का हकदार है। अच्छा कार्य करने वाले सभी बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने शत प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले बीएलओ को बधाई देते हुए उनके द्वारा अपनाई गई कार्य प्रणाली व कार्य योजना से अन्य बीएलओ को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस बीएलओ द्वारा कार्य पूरा कर लिया गया है, उन्हें भविष्य में अन्य दायित्व जबरदस्ती नहीं दिया जाएगा। स्वप्रेरित होकर अन्य बीएलओ की मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ नवीन मतदाताओं का नाम जोडने के लिए प्रपत्र 6 भी इस दौरान भरवायें तथा सभी मतदाताओं को एसआईआर प्रपत्र की प्रति अवश्य दें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को यह भी बताये कि मतदाता सूची में एक ही स्थान पर नाम रखना हैं दोहरी प्रविष्टि कानूनन रूप से भी प्रतिबन्धित है।
इस अवसर पर बयाना विधानसभा क्षेत्र के 10 बीएलओ, नदबई विधानसभा क्षेत्र के 08, वैर विधानसभा क्षेत्र के 05 तथा भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के 01 बीएलओ को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम घनश्याम शर्मा, प्रशिक्षु आईएएस भानु शर्मा, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम भारती गुप्ता, सहायक निदेशक लोक सेवाऐं भारती भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी एवं जिले भर के सम्मानित होने वाले बीएलओ उपस्थित रहे।
बीएलओ ने बताई अपनी योजनाऐं-
जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले वैर विधानसभा क्षेत्र के सीता मतदान केंद्र के बीएलओ रामसिंह गुर्जर का लक्ष्य 1041 मतदाता थे जिनमें 07 मतदाता शिफ्टेड अथवा जिनकी मृत्यु हो गई थी। सभी मतदाताओं का घर-घर जाकर गणना प्रपत्र तैयार करवाये। गांव का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें निरंतर सूचनाऐं दी जिससे सभी लोग सक्रिय हुए। स्कूल के शिक्षकों के सक्रिय सहयोग से सभी प्रपत्रों को ऑनलाइन किया गया। उसके द्वारा 15 घंटे तक काम किया गया।
बयाना विधानसभा क्षेत्र के राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल की प्रार्थना सभा में सभी बच्चों को एसआईआर के बारे में जानकारी देकर अपने अभिभावकों से आवश्यक दस्तावेज व फोटो तैयार करवाने का संदेश पहुंचाया, जिससे समय पर लक्ष्य पूरे कर सके।
नदबई विधानसभा क्षेत्र के उदय सिंह ने बताया कि 4 नवंबर तक घर-घर सूचना पहुंचा दी थी। गांव का वाटसएप ग्रुप बनाकर नियमित मैसेज किया। जो महिलाएं अन्य जिलों या प्रदेशों से आई हैं उनका एक रजिस्टर संधारित कर डाटा एकत्रित किया और संबंधित बीएलओ से सूचना प्राप्त की। रात्रि के समय नेट अच्छा काम करता है इस दौरान सभी फार्माे को ऑनलाइन किया और लक्ष्य पूरे किए।
नइबई विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 123 के शंकर दयाल शर्मा ने बताया एसआईआर के बारे में घर-घर जाकर पूरी जानकारी दी, अन्य जिलों व प्रदेशों से आई महिलाओं को सूची बनाकर फॉर्म तैयार किया और घर-घर जाकर फॉर्म एकत्रित कर रात्रि को बैठकर सभी फार्माे को ऑनलाइन किया।
बयाना के पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची को एक्सेल शीट में तैयार कर अन्य जिलों में प्रदेशों से आई महिलाओं का डाटा एकत्रित किया, इंटर्नशिप व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, वालंटियर के सहयोग से सारे फॉर्म तैयार करवा कर रात्रि के समय नेट की उपलब्धता सही रहने पर सभी फार्माे को ऑनलाइन किया गया।
जिले में 66.53 प्रतिशत प्रपत्र डिजिटाईज्ड-
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम ने बताया कि जिले में शनिवार को प्रातः 10 बजे तक 11 लाख 33 हजार 881 मतदाताओं में से 7 लाख 54 हजार 401 मतदाताओं के गणना प्रपत्र बीएलओ द्वारा डिजिटाईज्ड किये जा चुके हैं जिनका प्रतिशत 66.53 है। उन्होंने बताया कि भरतपुर में 54.18 प्रतिशत, नदबई में 64.32 प्रतिशत, वैर में 75.52 प्रतिशत, बयाना में 72.94 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाईज्ड किये जा चुके है।


