नाली के पानी से राहगीरों को परेशानी, नगरपालिका पर अनदेखी का आरोप, श्याम सरोवर कॉलोनी की सड़क बनी दलदल
बयाना / कौशलेंद्र दत्तात्रेय
बयाना की श्याम सरोवर कॉलोनी की मुख्य सड़क पिछले छह महीनों से बदहाल है। नाली पर मिट्टी और बजरी डालने से अवरोध पैदा हो गया है, जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर फैल गया है। इससे पूरा मार्ग कीचड़ और दुर्गंध से भर गया है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह-शाम मंदिर जाने वाले लोगों को प्रतिदिन इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। तेज रफ्तार वाहनों के निकलने पर गंदे पानी के छींटे लोगों के कपड़ों और शरीर पर पड़ते हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है और लोगों में नाराजगी है।
दयाराम कारबाड़ी की दुकान के बाहर स्थिति और भी खराब है। नाली के ओवरफ्लो और बदबू के कारण उनके कामकाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगरपालिका न तो उनकी शिकायतें सुन रही है, न नियमित सफाई हो रही है और न ही कचरा उठाया जा रहा है।
कॉलोनीवासी लंबे समय से अतिक्रमण हटाने और नालियों की सफाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वार्ड पार्षद अनुराधा गौरव शर्मा ने कहा कि नगरपालिका की लापरवाही अब हद पार कर चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाली साफ नहीं की गई और सड़क से कीचड़ नहीं हटाया गया, तो कॉलोनीवासी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।