कब्रिस्तान भूमि पर भूमाफिया गिरोह द्वारा कब्जे के आरोप, स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित देसूला गांव में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रॉपर्टी डीलर उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने गांव में एकजुट होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और प्रशासन से कार्यवाही की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि विवादित जमीन लगभग तीन बीघा है।जिसे पूर्व से ही कब्रिस्तान के रूप में लिया जाता रहा है। वहीं कुछ कुछ भूमाफिया इस जमीन को अपने कब्जे में लेने का प्रयास कर रहे हैं। और दबाव बनाकर जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करवाना चाहते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मामले को हिंदू–मुस्लिम विवाद का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि जमीन पर अपना दावा मजबूत कर सकें, लेकिन देसूला में वर्षों से दोनों समुदाय आपसी भाईचारे के साथ रहते आए हैं और किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव यहां नहीं है। स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि वे अपनी जमीन को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस में दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यदि आवश्यक हुआ तो वे जिला कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और अवैध कब्जा रोकने की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्होंने एक सुर में कहा कि कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।