मंदिर भूमि पर अवैध दुकान निर्माण पर निगम की बड़ी कार्यवाही
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर शहर की मालन वाली गली में मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से दुकान निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रघुवीर स्वामी नामक व्यक्ति पिछले चार दिनों से मंदिर परिसर में दुकान बनाने का काम करा रहा था। स्थानीय लोगों ने इस निर्माण का विरोध करते हुए नगर निगम को शिकायत दी। शिकायत के बाद नगर निगम अधिकारी निशा लखानी मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाते हुए नोटिस जारी किया। निशा लखानी ने बताया कि निगम कर्मचारी पहले भी मौके पर जाकर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दे चुके थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद पुनः कार्य शुरू कर दिया गया। इसलिए अब नोटिस देकर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंदिर की जमीन मंदिर के लिए ही सुरक्षित रहनी चाहिए, किसी निजी दुकान या व्यक्तिगत उपयोग के लिए नहीं दी जानी चाहिए। उनका विरोध है कि मंदिर परिसर का स्वरूप बदलने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।