नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
खैरथल ( हीरालाल भूरानी ) नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत राजकीय कन्या महाविद्यालय, टपूकड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मनोज चौपडा द्वारा की गई तथा मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय तिजारा से पधारे प्रो. मनोज राघव, प्रो. विजेंद्र , प्रो. संजीव शर्मा रहें।
अभियान संयोजक एवं एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता ने बताया कि नई किरण नशा मुक्ति अभियान द्वारा संचालित जागरुकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, उत्तरदायित्व की भावना, स्वस्थ जीवन शैली एवं नैतिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है l
इस अवसर पर प्रो. मनोज राघव, प्रो. विजेंद्र सिंह , प्रो. संजीव शर्मा ने नशा मुक्ति के उपायों और रोकथाम पर प्रभावी व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए व्यावहारिक सुझाव दिए।
सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में अनेक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रथम सत्र में छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा शिक्षकों द्वारा उन्हें स्वयं और समाज को नशामुक्त रखने हेतु प्रेरित किया गया। द्वितीय सत्र में नशामुक्त स्वस्थ भारत विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में डॉ. उमा शर्मा ने छात्राओं को नशे और मादक पदार्थों से दूर रहने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन की लत से सावधान रहने और उसका सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. मनोज चोपड़ा, डॉ. रमेश शर्मा, डॉ. उमा शर्मा, प्रो. मंजू देवी, प्रो. सुनील दत्त के साथ बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।