गोविंदगढ़ में परिवहन विभाग ने किया जागरूक: स्टूडेंट्स को दिलाई शपथ, सामूहिक जिम्मेदारी बताई
अलवर के बड़ौदामेव स्थित श्री सूरजमल शिक्षण संस्थान में परिवहन विभाग, अलवर के आर.टी.ओ. लक्ष्मीनारायण ने बच्चों और स्टाफ सदस्यों को सड़क सुरक्षा की प्रतिज्ञा दिलाई। यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के चेयरमैन सोहनलाल चौधरी ने परिवहन विभाग की टीम का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। आर.टी.ओ. लक्ष्मीनारायण ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा को एक महत्वपूर्ण विषय बताया।
उन्होंने कहा कि कस्बों में वाहनों की बढ़ती संख्या के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। ये दुर्घटनाएं न केवल जान-माल का नुकसान करती हैं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गहरे दुख में डाल देती हैं। इसलिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना और उनके प्रति जागरूकता फैलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
- ट्रैफिक नियमों के बारे में बताया
आर.टी.ओ. लक्ष्मीनारायण ने उपस्थित लोगों को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, तेज रफ्तार से बचने, नशे में वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के बारे में बताया। उन्होंने सड़क पार करते समय दोनों तरफ देखने की सलाह भी दी।
- इन्होंने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह, संस्थान के चेयरमैन सोहनलाल चौधरी और आर.टी.ओ. लक्ष्मीनारायण ने बच्चों के लिए सड़क सुरक्षा पर एक निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की। इस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।