सरकार के दो वर्ष पूर्ण: मकराना में स्वच्छता व जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में राज्य सरकार के निर्देशानुसार मकराना नगर परिषद क्षेत्र में विविध जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता, जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर श्रमदान व कचरा संग्रहण अभियान, स्मारकों व मंदिरों की सफाई, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की साफ-सफाई, सौन्दर्यीकरण एवं रंगोली सजावट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त जोन अभियान के तहत एलएमबी होटल से सरकारी हॉस्पिटल रोड तक प्लास्टिक उपयोग के विरुद्ध जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जय शिव चौक स्थित बावड़ी में श्रमदान एवं सफाई कार्य से की गई। इसके पश्चात नगर परिषद कार्यालय परिसर एवं उद्यान में साफ-सफाई कर श्रमदान किया गया। इसी क्रम में विभिन्न स्थानों पर कचरा संग्रहण अभियान चलाया गया तथा सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की विशेष सफाई करवाई गई।
प्लास्टिक मुक्त अभियान के अंतर्गत गौड़ाबास एवं सदर बाजार क्षेत्र में सब्जी विक्रेताओं एवं ग्राहकों को प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग नहीं करने हेतु समझाइश की गई। आमजन से अपील की गई कि वे मकराना शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि शहर को नव उत्थान और नई पहचान मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक देवेंद्र सिंह राठौड़, गोविंद स्वामी, जमादार मुन्नालाल, कानाराम, सुरेश कुमार, गिरधारी लाल, मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के श्रमिक, मेट, गणमान्य नागरिक एवं नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।


