नीलगाय से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के समीप विजय मंदिर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। मोटल होटल के समीप अचानक सड़क पर आई नीलगाय की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार विजय मंदिर थाने के एएसआई निहाल सिंह ने बताया कि सूचना कर्ता ने पुलिस को बताया की नीलगाय से यह घटना हुई है मृतक के पास हेलमेट नहीं था। जिसकी वजह से सर पर गंभीर चोट लगी। जानकारी अनुसार मृतकों की पहचान रामधन (32) निवासी अमृतवास और शेर सिंह (33) निवासी अमृतवास के रूप में हुई है।
दोनों युवक मजदूरी के सिलसिले में अलवर आए हुए थे और काम समाप्त होने के बाद देर शाम अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मोटट होटल के पास अचानक नीलगाय सामने आ जाने से उनकी बाइक उससे टकरा गई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही विजय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण दोनों युवकों की जान नहीं बच सकी। पुलिस ने बताया कि रामधन विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जबकि शेर सिंह अविवाहित था। दोनों की अचानक हुई मौत से अमृतवास गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


