चोरों के हौसले बुलंद, एक के बाद एक लगातार हो रही चोरियां; गोलाकाबास में ज्वैलर्स की दुकान से आभूषण चोरी; दो दिन में दूसरी वारदात
टहला (रितीक शर्मा) टहला पुलिस थाना क्षेत्र के गोलाकाबास में चोरों ने एक ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाया है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। यह घटना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों की श्रृंखला में नवीनतम है।
इससे पहले, रविवार-सोमवार की रात को इसी इलाके में स्थित एक शिव मंदिर से अज्ञात चोरों ने शिव पीठ भी चुरा ली थी। यह मंदिर चोरी हुई ज्वैलर्स की दुकान से लगभग 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। इन लगातार वारदातों से स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल है।
पीड़ित दुकानदार ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार शाम 4:30 बजे अपनी दुकान बंद की थी। बुधवार सुबह जब उन्होंने दुकान खोली, तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। दुकान के पीछे के गेट भी टूटे हुए और खुले मिले। इसके बाद उन्होंने टहला पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया।
टहला थानाधिकारी ने बताया कि ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी की घटना की जांच के लिए एक टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रविवार रात को हुई शिव पीठ चोरी की जानकारी उन्हें पहले प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।