मुख्यमंत्री ने डीग–कुम्हेर विधानसभा में दो वर्षों में हुए विकास कार्यों की पुस्तिका का किया विमोचन
डीग (नीरज जैन) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास में डीग–कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र में विगत दो वर्षों में कराए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका का भव्य विमोचन किया गया। यह पुस्तिका क्षेत्र में हुए समग्र विकास की उपलब्धियों और भावी संकल्पों का सशक्त दस्तावेज है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि डीग–कुम्हेर विधानसभा प्रदेश के उन क्षेत्रों में शामिल है, जहां योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की सोच सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर आधारित है और इसी के तहत सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र विकास का नया मॉडल बनेगा।
डीग–कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा है, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है, शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित हुए हैं और पेयजल व बिजली की समस्याओं का स्थायी समाधान किया गया है। यह पुस्तिका जनता के प्रति हमारी जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व डॉ दिगंबर सिंह ने जो डीग - कुम्हेर विधान सभा क्षेत्र के समग्र विकास का जो अभियान शुरू किया है में उन्हीं के सपने को पूरा करने के लिए पूरी जी जान से जुटा हुआ हूं।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, सवाईमाधोपुर भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, खण्डार विधायक जितेंद्र गोठवाल, बामनवास से भाजपा प्रत्याशी रहे राजेंद्र मीणा, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा एवं करौली विधायक दर्शन गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम विकास के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।