भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला पशु क्रूरता निवारण समिति एवं जिला स्तरीय गौपालन समिति की बैठक गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) ने पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक को निर्देश दिए कि पशुपालकों को समझाइश कर पशुओं को हानिकारक दवाओं, विशेषकर ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के उपयोग की रोकथाम हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने नगर निगम एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर श्वान काटने की घटनाओं की रोकथाम तथा आवारा श्वानों के प्रभावी प्रबंधन को लेकर भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने रेबीज की रोकथाम हेतु श्वानों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाए जाने, नसबंदी कर पुनः यथास्थान छोड़े जाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जिले में संचालित समस्त पेट शॉप एवं डॉग ब्रीडर इस्टेबलिसमेंट का राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड में पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम सचिव को जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कर सूची तैयार कर पशुपालन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कामां स्थित श्रीकृष्ण गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे नवाचारों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को जिले में पशुओं के अवैध परिवहन की रोकथाम तथा अवैध स्लॉटरिंग पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए पशु परिवहन नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि पशुपालन विभाग के सहयोग से विद्यालयों में पशुओं के प्रति स्नेह, दुलार एवं करुणा भाव विकसित करने हेतु कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए। इस कार्य में एनजीओ की सहायता भी लेने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने नगर निगम एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को आपसी समन्वय एवं टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल पशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही जिले की समस्त गौशालाओं की सूची तैयार कर संबंधित नगर निकायों एवं एनएचएआई को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे पशुओं को गौशालाओं में शिफ्ट करने में सुविधा हो सके। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक ने जानकारी दी कि घायल एवं बीमार पशुओं के लिए 24×7 हेल्पलाइन के माध्यम से आपातकालीन पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए प्रातः 10 से सांय 5 बजे तक दूरभाष नंबर 05644-224375 एवं प्रातः 8 से रात्रि 8 बजे तक डॉ. शिवदत्त के मोबाइल नंबर 9784577052 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला स्तरीय गौपालन समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले की 6 गौशालाओं में पुलिस एफआईआर से प्राप्त 108 गौवंश के लिए 4 लाख 59 हजार 500 रुपये की सहायता राशि प्रदान किए जाने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर नगर निगम सचिव विजय प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार, कोषाधिकारी डॉ. लोकेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र कुमार गोपालिया, परिवहन विभाग अधिकारी देवेन्द्र, गौशाला श्री लालजी महाराज गढ़ी सावंलदास महन्त शिशुपालदास विद्यार्थी, श्रीराम गौशाला देवेन्द्र पाण्डेय, श्री कृष्ण गौशाला भोजनथाली कलावटा कामां स्वामी गणपति चैतन्य, सीमा शर्मा, कविता सिंह सहित अन्य अधिकारी, गौशाला प्रतिनिधि मौजूद रहे।