वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत विशेष रेलगाड़ी 17 फरवरी को सवाईमाधोपुर से द्वारका-सोमनाथ के लिए रवाना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के अंतर्गत विशेष रेलगाड़ी 17 फरवरी मंगलवार को दोपहर 12.20 बजे सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से द्वारका-सोमनाथ वाया खातीपुरा (जयपुर) के लिए रवाना होगी।
सहायक आयुक्त, भरतपुर डिवीजन मुकेश कुमार मीना ने बताया कि इस तीर्थ यात्रा में सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से 450 एवं खातीपुरा रेलवे स्टेशन से 520 सहित कुल 970 वरिष्ठ नागरिक यात्री यात्रा करेंगे। सभी चयनित यात्रियों को निर्धारित समय पर संबंधित रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु सूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि सवाईमाधोपुर से प्रस्थान करने वाले यात्रियों को प्रातः 8 बजे रेलवे स्टेशन पर तथा जयपुर-प्रथम/द्वितीय डिवीजन के यात्रियों को खातीपुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन पर प्रातः 9 बजे से रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में तैनात रहेंगे। साथ ही चिकित्सा व्यवस्था हेतु 1 डॉक्टर एवं 2 नर्सिंग अधिकारी भी साथ रहेंगे, जो संपूर्ण यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे। वर्ष 2025-26 हेतु चयनित सभी यात्रियों को ऑनलाइन भरे गए आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी (प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र सहित), मूल जनआधार/आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों को अपनी दैनिक उपयोग की सामग्री, आवश्यक औषधियां, व्यक्तिगत आवश्यकता हेतु नकदी एवं कपड़े साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त विशेष रेलगाड़ी में 6 दिवसीय यात्रा के दौरान आवास, भोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा की जाएंगी। इस योजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए संपूर्ण यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी