आगामी त्योहारों को लेकर मकराना थाने में सीएलजी बैठक संपन्न, शांति और भाईचारे की अपील
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मकराना पुलिस थाने में सीएलजी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शांति समिति के सदस्यों, स्थानीय व्यापारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने शिरकत की। बैठक को संबोधित करते हुए वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल ने कहा कि वर्तमान में रमजान का पवित्र माह चल रहा है और जल्द ही होली का पर्व आने वाला है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सभी त्योहारों को आपसी प्रेम और मिलजुलकर मनाएं तथा एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें।
थानाधिकारी गरिमा चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में न ले। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या स्थिति नजर आए, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने शहर की व्यवस्थाओं को लेकर कई सुझाव दिए और समस्याओं से अवगत कराया। ईस दौरान सदर बाजार और मुख्य मार्गों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए होमगार्ड तैनात करने की मांग की गई।
बाईपास रोड पर खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द ठीक करवाने और पुलिस गश्त बढ़ाने पर चर्चा हुई। युवाओं द्वारा बाइक में करवाए गए मॉडिफिकेशन (तेज आवाज वाले साइलेंसर) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी। बैठक में श्याम सुंदर स्वामी, अब्दुल अजीज गहलोत, हाजी जुबेर गैसावत, दिलीप सिंह चौहान, भंवराराम डूडी, कामरान गौड़, रुघाराम कड़वा, भरत दाधीच, अमजद, घनश्याम सोनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।