अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में एक सीट बनाने वाली कंपनी में काम करने वाले एक मजदूर की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। धोली धूप स्थित अशोका सीट कंपनी में साइकिल की सीट बनाने का काम करता था और आगरा का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, पिछली रात वह शराब के नशे में था और सोने के लिए कंपनी की छत पर चला गया था। इसी दौरान सीढ़ियों से उतरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। सुबह जब कंपनी के अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने उसे नीचे पड़ा देखा, तो उन्होंने सोचा कि वह शराब के नशे में सो रहा है। जब वह काफी देर तक नहीं उठा, तो साथियों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कंपनी के मालिक सचिन जैन ने बताया कि आगरा जिले के ज्ञासपुरा गांव निवासी सुनहरी जाटव (40) की हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर विजय मंदिर थाना पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सुनहरी जाटव का परिवार आगरा में रहता है। उनका एक 18 साल बेटा है। सुनहरी जाटव के पास से कोई पहचान पत्र या आधार कार्ड भी नहीं मिला है। आसपास के लोगों द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है, लेकिन अभी तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।