खानुआ में डॉ. अंबेडकर जयंती समारोह की तैयारियां शुरू; मेधावी छात्र होंगे सम्मानित
भरतपुर (लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल)। आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाने हेतु रविवार, 29 मार्च को अंबेडकर पार्क, खानुआ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ध्रुवानंद महाराज ने की, जिसमें खानुआ सहित आसपास के गांवों के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
- 70% से अधिक अंक वाले छात्र होंगे सम्मानित
बैठक में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। गांव खानुआ और आसपास के क्षेत्रों के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके लिए गठित टीमें गांवों का दौरा कर मेधावी छात्रों की मार्कशीट और विवरण एकत्रित करेंगी। चयनित विद्यार्थियों को 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे अंबेडकर पार्क खानुआ में कमेटी द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
- भव्य झांकियां और महिला भागीदारी पर जोर
जयंती समारोह को भव्य रूप देने के लिए पुठिया नगला, खिजूरी और हीरापुर से विशेष झांकियां निकाली जाएंगी। आयोजन समिति ने इस बार समारोह में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। प्रचार-प्रसार हेतु झंडा, झंडिया और पट्टियां खानुआ कमेटी द्वारा आसपास के गांवों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
- पारदर्शी व्यवस्था और नैतिक जिम्मेदारी
बैठक में आर्थिक प्रबंधन को लेकर भी नियम तय किए गए। यह निर्णय लिया गया कि चंदा एकत्रीकरण की देखरेख संबंधित गांव के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नैतिक जिम्मेदारी होगी। खानुआ के अतिरिक्त अन्य गांवों से प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग सीधे जयंती समारोह के आयोजन और अन्य खर्चों में किया जाएगा।
प्रमुख उपस्थिति इस अवसर पर बरिघा अध्यक्ष जगदीश, उपाध्यक्ष भरत सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और युवा साथी उपस्थित रहे। सभी ने सर्वसम्मति से बाबा साहेब के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।