कठूमर में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान का हुआ शुभारंभ; स्कूलों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर तथा जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी के मार्गदर्शन में मंगलवार को तालुका मुख्यालय पर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
अभियान के तहत कठूमर न्याय क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कठूमर में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया की अध्यक्षता में शिविर आयोजित हुआ। वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कठूमर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट युधिष्ठिर मीना तथा पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरली में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव जिंदल द्वारा शिविरों का संचालन किया गया।
शिविरों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को परिवर्तनकारी मंगलवार अभियान के अंतर्गत कानूनी साक्षरता एवं संवेदनशीलता के महत्व से अवगत कराया। अपर जिला एवं सेशन इस मौके पर न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए।
इस दौरान आदर्श विधिक सेवा केंद्र के पीएलवी योगेश चौहान ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 की जानकारी देते हुए आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 15100, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर का हेल्पलाइन नंबर 9928900900 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर का हेल्पलाइन नंबर 8306002102 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर न्यायालय के सहायक नाजिर विनोद टेलर, पीएलवी अनुजा शर्मा, वीरेंद्र कुमार, दीपक मीणा, विद्यालय की प्राचार्या विराज चौहान, कर्मचारी उमेश चौधरी, शिक्षकगण एवं लगभग 80 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

