सूने मकान पर चोरों का धावा, 30 चांदी के सिक्के सहित सामान पार
खेडली (दिनेश लेखी) कस्बे में बढ़ती चोरी की वारदातों के बीच नवोदय स्कूल के पास स्थित एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए 30 चांदी के सिक्कों सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित विक्रम दिल्ली में डीटीसी में फोरमैन के पद पर कार्यरत है। उनके पिता बनय सिंह डाक विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, जबकि विक्रम की पत्नी झुरहरा में सरकारी अध्यापिका हैं। 23 मार्च को विक्रम ड्यूटी पर दिल्ली चले गए थे और उनके पिता भी पुत्रवधू के पास झुरहरा गए हुए थे, जिसके कारण मकान सूना पड़ा था।
इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले मकान की रैकी की और फिर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के दोनों कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। चोर अलमारी में रखे 30 चांदी के सिक्के सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना का पता 29 मार्च को तब चला जब पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा हुआ देखा और इसकी सूचना विक्रम को दी। सूचना मिलते ही विक्रम अपने परिवार के साथ रात करीब 10 बजे खेडली पहुंचे, जहां घर के अंदर का नजारा देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
सूचना पर खेडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
गौरतलब है कि 28 मार्च की रात को भी देवी वाले मंदिर के पास एक मकान में चोरी की नियत से चोर घुसे थे, लेकिन घर के सदस्यों के जाग जाने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इससे पहले भी इसी वार्ड में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के मकानों को निशाना बनाया जा चुका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में भारी रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।