जाडला गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति अनावरण का 5 अप्रैल को
कठूमर (दिनेश लेखी) क्षेत्र के जाडला गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति अनावरण को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन 05 अप्रैल 2026, रविवार को बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में आमजन भाग लेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भरतपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद संजना जाटव एवं नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा टीकाराम जूली एवं मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में हिण्डौन विधायक अनीता जाटव, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक मांगेलाल मीणा तथा बयाना के पूर्व विधायक अमर सिंह जाटव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिकिशन जाटव सरपंच प्रतिनिधि, जाडला करेंगे।
कार्यक्रम आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे गौतम बुद्ध वंदना के साथ होगी, जिसके पश्चात प्रातः 9:00 बजे बाबा साहब की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा। आयोजन स्थल पर आने वाले सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था भी रखी गई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए देवारामपुर एंड पार्टी (महवा), हेमराज बैंड (नगर, भरतपुर) एवं पंकज बैंड (गंगापुर, कठूमर) द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा।
आयोजक समिति ने क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों एवं समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन सामाजिक एकता, समानता एवं बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। मंच संचालन मानसिंह एवं जयाराम बैरवा द्वारा किया जाएगा।