किसान की बेटी ने गाड़े सफलता के झंडे: 12वीं बोर्ड के साइंस वर्ग लक्ष्मी ने हासिल किए 99% अंक
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) कस्बे के स्वामी केशवानंद शिक्षण संस्थान की छात्रा लक्ष्मीबाई भामू ने मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा घोषित 12वीं के साइंस परिणाम में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लक्ष्मी ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। लक्ष्मीबाई की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता फतेह सिंह एक साधारण किसान हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वे खेती के साथ-साथ तुड़ी भरने व मजदूरी कार्य भी करते हैं। माता गुड्डी देवी गृहणी हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पिता ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और लक्ष्मी ने भी पिता के पसीने की हर बूंद की कीमत अपनी मार्कशीट में स्वर्णाक्षरों में लिख दी। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए लक्ष्मी ने बताया कि वे भविष्य में बीएससी करने के बाद एसएससी-सीजीएल की परीक्षा देना चाहती हैं। वे प्रशासनिक सेवाओं के जरिए देश की सेवा करना चाहती हैं।
लक्ष्मी ने अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, विद्यालय निदेशक मोरध्वज सिंह चौधरी के मार्गदर्शन और अपने शिक्षकों की कड़ी मेहनत को दिया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल हो गया। विद्यालय निदेशक मोरध्वज सिंह चौधरी एवं कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने छात्रा लक्ष्मी का साफा बंधन कर और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इसके अलावा विद्यालय की ऋषिका साहू पुत्री अनिल कुमार साहू ने 98.60%, निकिता पुत्री अजय कुमार ने 98.20%, शुभम साहू पुत्र नवीन कुमार साहू ने 98% तथा शिवांगी गुर्जर पुत्री रामबाबू गुर्जर 97.40%, महक जैमन पुत्री ऋद्धिस कुमार ने 96.80% व राज सैनी पुत्र दशरथ सैनी 96.60 अंक हासिल किये है। इसके अलावा विद्यालय के 21 से अधिक छात्र-छात्राओं ने 95 प्रतिशत या अधिक अंक हासिल किए है।
मोरध्वज सिंह चौधरी ने बताया लक्ष्मी बाई भामू की सफलता यह साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो अभाव भी रास्ते की बाधा नहीं बन सकते। हमें अपनी बिटिया पर गर्व है।