विधायक कोठारी का हॉस्पिटल दौरा; एमजी हॉस्पिटल में विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश, कैथ लैब शीघ्र शुरू करने पर जोर
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने महात्मा गांधी अस्पताल परिसर में विद्युत व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए जाने को लेकर एवीवीएनएल अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों तथा एमजी हॉस्पिटल के पीएमओ डॉ. अरुण गौड को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक कोठारी ने अस्पताल परिसर में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने, गर्मी को देखते हुए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा मरीजों और चिकित्सकीय सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निगम अधिकारियों से कहा कि अस्पताल शहर की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था है जहां बिजली व्यवस्था का बेहतर और व्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक जीहै, ताकि आपातकालीन और नियमित चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों।
इस दौरान विधायक कोठारी ने नव निर्मित भवन में कैथ लैब को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कैथ लैब के लिए ऑर्डर हो चुके है ।इस लैब के शुरू होने से भीलवाड़ा एवं आसपास के मरीजों को हृदय रोग संबंधी उन्नत जांच एवं उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी जिससे बड़े शहरों की ओर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने अस्पताल में अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। साथ ही आई , ईएनटी, आर्थोपेडिक सर्जरी तथा नवीन तकनीक आधारित चिकित्सा सुविधाओं को अस्पताल में विकसित करने की आवश्यकता बताई, ताकि मरीजों को आधुनिक उपचार एक ही स्थान पर मिल सके।
विधायक कोठारी ने पीएमओ को अस्पताल की आधारभूत व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आने वाले रोगियों एवं उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही जनहित में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।