पर्यावरण संरक्षण व समाजसेवा के लिए शिक्षक विश्नोई को डॉ. अंबेडकर कीर्ति सम्मान 2026
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) धोरीमन्ना पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षक विश्नोई को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित डॉ. अंबेडकर कीर्ति सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा ने पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है।यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण,मेहनत और समाज के प्रति उनके निस्वार्थ योगदान का परिणाम माना जा रहा है।
शिक्षक जगदीश प्रसाद विश्नोई ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का जो अभियान चलाया,वह आज एक प्रेरणा बन चुका है।उन्होंने न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा दी बल्कि उन्हें प्रकृति के संरक्षण,जल बचाने,स्वच्छता बनाए रखने और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया।
उनके नेतृत्व में समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान चलाए गए जिनमें सैकड़ों पौधे लगाए गए और उनकी देखरेख भी सुनिश्चित की गई।इसके अलावा कोशिश पर्यावरण सेवक टीम सांचौरी-मालाणी के बैनर तले जल संरक्षण,प्लास्टिक मुक्त अभियान,भोजन बचाओ अभियान और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया।
समाजसेवा के क्षेत्र में भी शिक्षक विश्नोई का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है।उन्होंने जरूरतमंद परिवारों की सहायता,शिक्षा से वंचित बच्चों को पढ़ाने और विभिन्न सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।संकट के समय उन्होंने लोगों की मदद कर एक जिम्मेदार नागरिक का उदाहरण पेश किया।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के माध्यम से उनके कार्यों को व्यापक स्तर पर पहचान मिलेगी और अन्य लोगों को भी समाज और पर्यावरण के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।यह सम्मान समारोह अखिल भारतीय कबीर मठ सदगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान बङी खाटू व डॉ अंबेडकर प्रतिमा अनावरण सेवा समिति रोहिणी के संयुक्त तत्वावधान में डॉ अंबेडकर की 135 वी जयंती पर रोहिणी गांव में 14 अप्रैल कोआयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे और शिक्षक विश्नोई को औपचारिक रूप से सम्मानित करेंगे।
शिक्षक विश्नोई की इस उपलब्धि पर उनके परिवार,सहयोगियों,विद्यार्थियों और क्षेत्र के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।सभी ने उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व ही देश और समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।