ट्रैक्टर से बंधे बिजली के पोल से बाइक टकराई: अलवर में इलाज के दौरान युवक की मौत, बिजली घर के सामने हादसा
अलवर-भरतपुर रोड पर बडौदामेव कस्बे में एक सड़क हादसा हो गया। यहां बिजली घर के सामने ट्रैक्टर में बंधे बिजली के पोल से टकराकर एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में अलवर में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना घोकी तिबारे के पास बिजली घर के सामने हुई। परिजनों ने बताया कि एक ट्रैक्टर चालक सीमेंट के पोल को बांधकर सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे ले जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार पोल से टकरा गया।
- गंभीर हालत होने पर अलवर रेफर किया था
हादसे में लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के खरसनकी निवासी शरीफ पुत्र इस्लाम खान बुरी तरह जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल शरीफ को बडौदा मेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शरीफ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर कर दिया। अलवर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक खंभे को सड़क पर छोड़कर ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत खंभे को सड़क से हटाकर किनारे किया ताकि कोई और दुर्घटना न हो।


