राजकीय कन्या महाविद्यालय में शुरू होंगे एपेरल व आईटी के दो नए सर्टिफिकेट कोर्स, छात्राओं को मिलेगा रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) राज्य सरकार द्वारा युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने के लिए शुरू किए जा रहे फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम के तहत सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय में एपेरल और आईटी क्षेत्र के दो नए सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य स्नातक, स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की छात्राओं तथा पासआउट विद्यार्थियों को व्यावसायिक दक्षता प्रदान करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सावन कुमार जांगिड़ ने बताया कि महाविद्यालय में एडवांस पैटर्न मेकर और फुल स्टैक वेब डेवलपमेंट दो महत्वपूर्ण सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक कोर्स में अधिकतम 60 और न्यूनतम 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। छात्राओं को 510 से 540 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए 70 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
उन्होंने बताया कि ये कोर्स उद्योग जगत के सहयोग से संचालित होंगे और प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक कोर्स की फीस श्रेणी के अनुसार तय होगी।
प्राचार्य जांगिड़ ने कहा कि फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम शिक्षा व रोजगार को सीधे जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे छात्राओं को उद्योगों में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

