सकट चौथ माता मेले के अंतिम दिन मेले में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब, बारिश से मेला व कुश्ती दंगल में हुई खलल
सकट कस्बा स्थित चौथ माता मंदिर पर चल रहा माता का दो दिवसीय वार्षिक मेला कुश्ती दंगल के साथ संपन्न हो गया। मेले के दूसरे दिन यहां मेले में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। मेले के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने परिवार समेत माता के दर्शन करते हुए मनोतिया मांगी। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर पर ढोक लगाते हुए प्रसाद चढ़ाया। मेले में पद दंगल का आयोजन हुआ। मेले में की खरीदारी- मेला परिसर में लगी दुकानों पर ग्रामीण महिला पुरुषों ने जमकर खरीदारी की। मेला स्थल पर विभिन्न संगठनों की और से श्रद्धालुओं के लिए ठंडा पानी और शरबत की भी मनुहार की गई ।
कुश्ती दंगल देखने उमड़ी लोगों की भीड़: मेले के अवसर पर ग्राम पंचायत के तत्वाधान में कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। कुश्ती दंगल में पहलवानों ने अपने दांव पेच लगाए। कुश्ती दंगल को देखने के लिए हजारों ग्रामीण महिला पुरुष व बच्चों की भीड़ घंटों तक जमा रही। कई लोग तो कुश्ती देखने के लिए मकानों की छतों व पेड़ों पर चढ़ गए। हालांकि कुश्ती दंगल में बार बार बारिश आजाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुश्ती दंगल में विजेता पहलवानों को मेला कमेटी द्वारा नगद राशि भेंट कर सम्मानित किया गया। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। मेले की संपूर्ण व्यवस्था ग्राम पंचायत सकट व मेला कमेटी द्वारा संभाली गई।


