भीलवाड़ा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 7 अप्रेल को निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा, शिव महापुराण कथा के लिए तैयार हुआ विशाल पांडाल

Apr 6, 2026 - 19:38
 0
भीलवाड़ा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 7 अप्रेल को निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा, शिव महापुराण कथा के लिए तैयार हुआ विशाल पांडाल

भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) मेवाड़ की पावन भूमि भीलवाड़ा पहली बार एक विराट धार्मिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। 8 से 14 अप्रैल तक न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर प्रख्यात कथावाचक ‘कुबेर भंडारी’ पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के लिए शहर में उत्साह का माहौल है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए विशाल पांडाल और सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
सोमवार को कथा स्थल पर आयोजित पत्रकार वार्ता में संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सान्निध्य में आयोजन समिति ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी बोले—ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जनसहभागिता अभूतपूर्व
समिति अध्यक्ष व विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह डिस्पोजेबल मुक्त रहेगा। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिले व नगर निगम सहित सभी विभाग सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कथा श्रवण के लिए सभी इंतजाम मुकम्मल हैं। सैकड़ों कार्यकर्ता विभिन्न दायित्वों के साथ लगातार सेवाएं दे रहे हैं।
कोठारी ने बताया कि कथा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, कई केंद्रीय व राज्य मंत्रियों, सांसदों, विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।
11 लाख वर्ग फीट मैदान में तीन विशाल डोम—भीषण गर्मी से राहत के इंतजाम
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि 11 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बने कथा स्थल पर लगभग साढ़े चार लाख वर्ग फीट में तीन विशाल वाटरप्रूफ डोम व पाइप पांडाल तैयार किए गए हैं। गर्मी से बचने के लिए कूलर-पंखों की बड़ी संख्या, पेयजल, मेडिकल टीम व एम्बुलेंस हमेशा मौजूद रहेगी।  साथ ही, करीब 250 अस्थाई एवं कई चलित शौचालय लगाए गए हैं। 

पार्किंग और यातायात के लिए विशेष प्लान—महिलाओं से कीमती आभूषण न पहनने की अपील
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया ने बताया कि वाहन पार्किंग और आगमन-निकासी के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान शहर में लागू होगा।
वीआईपी और मीडिया के लिए अलग बॉक्स बनाए गए हैं।

  • भीड़ को देखते हुए महिला श्रद्धालुओं से कीमती आभूषण न पहनने की अपील की गई है।
  • कल 4 बजे निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा—महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण करेंगी
  • कथा की पूर्व संध्या पर 7 अप्रैल शाम 4 बजे राजेंद्र मार्ग स्कूल ग्राउंड से भव्य कलश शोभायात्रा निकलेगी।
  • हजारों महिलाएं चुंदड़ ओढ़कर सिर पर कलश धारण करेंगी,
  • पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा व साफा पहनकर शामिल होंगे।
  • शोभायात्रा में ढाले-नगाड़े, बैंडबाजे, घोड़े, हाथी व बग्गी पूरी भव्यता के साथ आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
  • यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः राजेंद्र मार्ग स्कूल पर सम्पन्न होगी।
  • महामंडलेश्वर और संतों का सान्निध्य—13 अप्रैल को भव्य भंडारा
  • 13 अप्रैल को महामंडलेश्वरों व संतों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा हरिद्वार के सचिव महंत रविंद्रपुरी महाराज के सान्निध्य में देशभर से अनेक संत-महात्मा शामिल होंगे।
40 हजार श्रद्धालुओं के लिए रोजाना बनेगा भोजन—लकड़ी की 12 भट्टियां तैयार
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पन्नाधाय सर्किल के निकट भोजनशाला बनाई गई है।
यहां 12 मिट्टी-ईंट की भट्टियों पर प्रतिदिन सुबह-शाम 20-20 हजार लोगों के लिए भोजन बनेगा।
भोजन में पथमेड़ा गोशाला से मंगाया गया शुद्ध घी उपयोग होगा।
पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक गजानंद बजाज, सह संयोजक सत्येंद्र बिरला, महासचिव पीयूष डाड, सचिव ललित सोमानी आदि मौजूद रहे। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ व धर्मेंद्र कोठारी ने आभार जताया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................