एक ही राजकीय विद्यालय में तीसरी बार चोरी, जाली तोड़कर वॉटर कूलर और कॉपियां ले गए चोर
पाली शहर के केशव नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने स्कूल की जाली तोड़कर तीसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर स्कूल के प्रिंसिपल रूम में घुसकर कीमती सामान पार कर ले गए।
चोरी का विवरण: स्कूल प्रिंसिपल पुष्पेन्द्र आढ़ा ने बताया कि चोरों ने कमरे की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया। चोर वहां से वॉटर कूलर, पानी की मोटर, विद्यार्थियों की कॉपियां, साफे और कुर्सियां चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोर स्कूल का कंप्यूटर सामने झाड़ियों में फेंक गए और एक क्लास रूम में लगी बड़ी एलईडी टीवी को चालू हालत में ही छोड़कर फरार हो गए।
नशेड़ियों पर शक: मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही कोतवाली थाने से एएसआई जगदीशचंद्र मय जाब्ता मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि यह वारदात नशे के आदी युवकों द्वारा की गई है, जो अपने नशे की पूर्ति के लिए सामान चोरी करते हैं।
सुरक्षा पर उठे सवाल: प्रिंसिपल ने चिंता जताते हुए कहा कि यह स्कूल में तीसरी बार चोरी हुई है, लेकिन पिछली दो वारदातों का भी अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। रात के समय स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। स्कूल प्रशासन और अभिभावकों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।


