बीएसएनएल सेवाओं में सुधार के निर्देश, सांसद संजना जाटव ने ली समीक्षा बैठक
अलवर (दिनेश लेखी) भरतपुर सांसद एवं बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति (TAC) की अध्यक्ष संजना जाटव ने क्षेत्र में व्याप्त दूरसंचार समस्याओं के समाधान को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य अलवर एवं भरतपुर जिले में बीएसएनएल की कमजोर सेवाओं को सुधारना और उपभोक्ताओं को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना रहा।
बैठक के दौरान सांसद ने नेटवर्क एवं इंटरनेट सेवाओं से जुड़ी जनसमस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में सांसद संजना जाटव ने नेटवर्क समस्याओं और कॉल ड्रॉप के मुद्दे पर विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने अलवर, भरतपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर सिग्नल की समस्या को दूर करने के लिए टावरों की क्षमता बढ़ाने और चिन्हित डार्क जोन में नए टावर स्थापित करने की योजना को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए।
डिजिटल युग में इंटरनेट की धीमी गति को बड़ी बाधा बताते हुए सांसद ने 4G/5G सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया। साथ ही ब्रॉडबैंड (FTTH) कनेक्शनों की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं तेज इंटरनेट सेवा मिल सके। इसके अलावा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए एक पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा की गई।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए मजबूत शिकायत निवारण तंत्र तैयार किया जाए। इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के तहत बार-बार केबल कटने और रखरखाव की कमी से बाधित होने वाली सेवाओं को लेकर भी सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेटवर्क को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
बैठक के अंत में सांसद संजना जाटव ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता को बीएसएनएल सेवाओं में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। इस अवसर पर बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

