शैक्षणिक कैलेंडर वर्ष में अवकाश में की गई कटौतियों के विरोध में राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत दौसा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार के द्वारा हाल ही में जारी शिविरा पंचांग सत्र 2026 -27 में शैक्षणिक कैलेंडर वर्ष में अवकाश कटौती की गई है जिसके राजस्थान के सभी शिक्षक वर्ग में रोष है, क्योंकि इन आदेशों से शिक्षकों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है और ये सरकार के आदेश अव्यवहारिक हैं। सरकार द्वारा शिक्षकों और व्याख्याताओं के रिक्त पदों को भरने के बजाय शिक्षकों की अवकाशों में कटौती करना सरकार की नाकामी को उजागर करती है।
राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत के प्रदेश महासचिव तेजकरण मुण्डोतिया ने कहा कि इन की गई कटौतियों का राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत संगठन कडा विरोध करता है इसी क्रम में प्रांतीय आव्हान पर यहां दौसा जिले में कलेक्टर महोदय को जिला कार्यालय में ज्ञापन दिया गया, ज्ञापन में
- 1.प्रधानाचार्य घोषित अवकाश पूर्व की भांति 2 दिन यथावत रखे जाने ,
- 2.ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 30 जून तक किये जाने,
- 3.शीतकालीन अवकाश 26 दिसंबर से 10 जनवरी किये जाने हेतु राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत के द्वारा राजस्थान सरकार से पुरजोर मांग की गई,
क्योंकि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भीषण गर्मी के बीच छुट्टियों में कटौती का फैसला बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर हो सकता है।
राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश कोषाध्यक्ष ऋषि राज यादव व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि आज भी हजारों शिक्षक गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगे हैं, स्कूलों में शिक्षकों और व्याख्याताओं के पद खाली हैं और भवन जर्जर स्थिति में हैं, शिक्षा की गुणवत्ता केवल स्कूल का समय या दिन बढ़ाने से नहीं, बल्कि विभाग के कामकाज में सुधार और पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति से होगी।
तेजकरण मुण्डोतिया ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के पिछले कई वर्षों से लंबित स्थानांतरण शुरू करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की छः सत्रों से रुकी हुई डीपीसी के लिए न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर जल्द से जल्द डीपीसी करने, शिक्षकों और व्याख्याताओं के रिक्त पदों को भरने, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने, जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत और पुनः निर्माण करवाने हेतु भी राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत मांग करता है। इस अवसर पर यहां जिला महामंत्री निरंजन कुमार, मीडिया प्रभारी उमाशंकर मौर्य, कृष्ण यादव, अभिमन्यु यादव, रमेश चंद, राजेन्द्र यादव, संतोष बैरवा,एकीकृत महासंघ जिलाध्यक्ष तेजपाल चतुर्वेदी व सैंकड़ों उपस्थिति रहे।


