दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से ऊंट तस्कर को पकड़ा: पिकअप में हरियाणा लेकर जा रहा था, ऊंटों को छुड़वाया
अलवर के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक पिकअप में भरे ऊंटों को छुड़वाया गया। ऊंटों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। गौरक्षक टीम ने तस्कर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। गौरक्षक संस्कार सैन ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि पिनान रेस्ट एरिया के पास एक पिकअप में ऊंटों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर पिकअप को रुकवाया। तलाशी लेने पर पिकअप के अंदर तीन ऊंट मिले।
- तस्कर गिरफ्तार, ऊंटों को करवाया मुक्त
पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम राजेन्द्र पुत्र श्रीपाल निवासी सलम्बर, जिला नूंह (हरियाणा) बताया। उसने कहा कि ऊंटों को लालसोट (दौसा) से खरीदकर नूंह (मेवात) ले जा रहा था, जहां उन्हें कटने के लिए ले जाया जाना था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर ऊंटों को अपने कब्जे में लिया। इस संबंध में गौरक्षक टीम के यश शर्मा ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


