अलवर ACB की दौसा में कार्रवाई; रिश्वत लेते रोडवेज डिपो का चीफ मैनेजर गिरफ्तार:कंडक्टर के मेडिकल बिल पास कराने की एवज में मांगे थे 20 हजार
दौसा (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मेडिकल बिल पास करने की एवज में रिश्वत लेने वाले रोडवेज के दौसा डिपो के चीफ मैनेजर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथों पकड़ा है। चीफ मैनेजर ने बस कंडक्टर से 42 हजार के बिल पास करने की एवज में 20 हजार रुपए मांगे थे।
एसीबी के अनुसार, एक कंडक्टर के 33 दिन के करीब 42 हजार रुपए के मेडिकल बिल पास करने की एवज में चीफ मैनेजर विश्राम मीणा ने रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर परिवादी कंडक्टर ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए चीफ मैनेजर विश्राम मीणा को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। यह पूरी कार्रवाई एसीबी अलवर के डिप्टी एसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में की गई।
- यह था मामला
डिप्टी एसपी शब्बीर खान ने बताया कि हैल्पलाईन नम्बर 1064 पर परिवादी रेवड़मल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बीमार होने पर 18 दिसंबर 2025 से मेडिकल अवकाश पर इलाज के लिए ऑफिस से अवकाश पर रहा। 19 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य ठीक होने पर ड्यूटी ज्वाईनिंग कर ली थी और मेडिकल से संबंधित सभी डाक्यूमेंट्स एलडीसी भगवत को सुपुर्द कर दिए थे।
उसके बाद मुख्य प्रबंधक विश्राम मीणा मे 25 मार्च को मेडिकल पास करवाने के लिए ऑफिस में जाकर मिला तो मुख्य प्रबंधक ने परिवादी से मेडिकल पास करने की एवज में 20 हजार रूपये की रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा दौरान 2 व 7 अप्रैल को 20 हजार रूपये की डिमांड का वेरिफिकेशन हुआ। जिसके बाद ट्रेप की कार्रवाई की गई। एसीबी द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में जांच जारी है।


