गोविंदगढ़ मनरेगा में फेस हाजिरी में गड़बड़ी का आरोप: श्रमिकों के नाम पर दूसरों की फोटो लगी, आरोप- केवल कागजों में बनरही सड़क
अलवर जिले की गोविंदगढ़ पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सेमलाखुर्द में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA/ VB-G RAM G) भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि धरातल पर काम करने वाले वास्तविक मजदूरों की अनदेखी कर रसूखदार और फर्जी लोगों की हाजिरी भरकर सरकारी बजट का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है योजना में पारदर्शिता के लिए लागू की गई फेस हाजिरी प्रणाली में भी गड़बड़ी मिली है।
सैमला खुर्द में ग्रेवल सड़क निर्माण कार्य (मुख्य सड़क मार्ग से झितरेडी की ओर) में यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। कार्य करने वाले मजदूरों की हाजिरी में अनियमितताएं मिली हैं। मस्टर रोल में भोलाराम, श्री चंद और संतोष जैसे श्रमिकों के नाम दर्ज हैं, लेकिन उनके स्थान पर किसी और के फोटो लगाए गए हैं।
आरोप है कि यह ग्रेवल सड़क का कार्य केवल कागजों पर ही हो रहा है। यह कार्य 1 सितंबर 2024 से शुरू होकर 31 मार्च 2026 तक चलना है। इस अवधि के लिए 40 मस्टर रोल चलाए गए हैं, जिनके मद में लगभग 6,46,035 रुपये का खर्च दिखाया गया है। यह राशि मनरेगा श्रमिकों को भुगतान की जानी थी।
गोविंदगढ़ पंचायत समिति की सहायक अभियंता हर्षवर्धनी अवस्थी ने बताया कि मामले की जानकारी सामने आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन अनियमितताओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी।


