बाबा साहेब जयंती पर सेवा का अनूठा उदाहरण; बिजोलिया में रक्तदान शिविर ने रचा इतिहास: 424 यूनिट रक्त संग्रहित

Apr 8, 2026 - 18:58
 0
बाबा साहेब जयंती पर सेवा का अनूठा उदाहरण; बिजोलिया में रक्तदान शिविर ने रचा इतिहास: 424 यूनिट रक्त संग्रहित

बिजोलिया, (बृजेश शर्मा) संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती अवसर पर बिजोलिया में बुधवार को सेवा और समर्पण का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा ‘रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा’ के तहत राजभवानी वाटिका में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों ने रिकॉर्ड 424 यूनिट रक्तदान कर एक नया इतिहास रच दिया।
पूर्व मंत्री रामलाल जाट बोले— “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रामलाल जाट रहे। उन्होंने प्रत्येक बेड पर जाकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और प्रशस्ति पत्र सौंपे। जाट ने कहा— “रक्त का कोई विकल्प नहीं है। आपकी एक यूनिट रक्त किसी परिवार में जीवन की लौ जलाए रख सकता है। बाबा साहेब की स्मृति में किया गया यह आयोजन सच्ची श्रद्धांजलि है। बिजोलिया की धरती सदैव सेवा की मिसाल रही है।”
विजन इंडिया अध्यक्ष ने किया संकल्प का आह्वान
सोसायटी अध्यक्ष ओम नरानीवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि संगठन का लक्ष्य ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को दूर करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की— “रक्तदान को जीवन का नियमित संकल्प बनाएं, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में किसी का जीवन जोखिम में न पड़े।”
बाबा साहेब के आदर्शों को सेवा से साकार करना: प्रधुम्न सिंह
विशिष्ट अतिथि प्रधुम्न सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद करना ही बाबा साहेब के सपनों को साकार करने का मार्ग है। उन्होंने कहा— “रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारा मजबूत होता है।”
सुबह से उमड़ी भीड़, शिविर बना सेवा का केंद्र
सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि सुबह 8:15 बजे से ही रक्तदाताओं की कतारें लग गई थीं। पूर्व मंत्री जाट के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह दोगुना हो गया। उन्होंने चिकित्सा टीम, रक्तदाताओं और क्षेत्रवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पखवाड़े के दौरान आगे भी जागरूकता अभियान जारी रहेगा।
गणमान्य लोगों की रही सहभागिता
शिविर में क्षेत्र के पूर्व प्रधान कैलाश मीना, प्रधान जीतू मूंदड़ा, प्रधुम्न सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................