भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध रूप से निस्तारण कर पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ देकर अधिकारी सुशासन की अवधारणा को साकार करें। उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर परिवाद दर्ज हों या नियमित जनसुनवाई में परिवादी आये उसे निराश नहीं लौटायें, समस्या के समाधान के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित भी करें।
जिला कलक्टर गुरूवार को जन अभाव अभियोग निराकरण समिति में दर्ज परिवादों एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त समस्याओं की सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आमजन के परिवादों को संवेदनशीलता से लेते हुए इस प्रकार कार्य करें कि परिवादी को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पडें। उन्होंने कहा कि नागरिक वास्तविक समस्या होने पर ही कार्यालयों में अधिकारियों के पास उम्मीद लेकर आते हैं उन्हें निराश नहीं लौटाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जन अभाव अभियोग समिति में दर्ज परिवादों को अधिकारी व्यक्तिशः जांच कर अपनी रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें। जो समस्या स्थानीय स्तर पर निस्तारित नहीं हो सकती हो उसके बारे में पूरी तथ्यात्मक जानकारी से परिवादी को भी अवगत करायें। उन्होंने मूलभूत सुविधाओं से संबंधित साममुदायिक परिवेश को प्रभावित करने वाले प्रकरणों में यदि बजट की आवश्यकता हो तो उसका प्रस्ताव सक्षम स्तर पर भिजवाना सुनिश्चित करें।
मौके पर मिला योजनाओं का लाभ-
जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में आये 40 परिवादियों से रूबरू होते हुए प्रत्येक परिवादी की समस्याओं के बारे में संबंधित विभागों से फीडबैक लेकर तुरंत समस्याओं का समाधान कराया। उन्होंने खातेदार एवं गैर खातेदार के संयुक्त खसरा नम्बर में ऑनलाइन पोर्टल पर नामान्तरकरण का ऑप्शन नहीं आने पर संबंधित विभाग को अर्द्धशासकीय पत्र लिखवाते हुए परिवादी की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
आकस्मिक दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर नदबई निवासी श्रमिक की पत्नि को पेंशन, बच्चों को पालनहार योजना का लाभ एवं मुख्यमंत्री सहायता कोष से 1 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर परिवादी को मौके पर राहत प्रदान की। वैर नगरपालिका में कार्य पूर्ण के बाद भुगतान लम्बित के प्रकरण में नगरपालिका ईओ को प्राथमिकता से भुगतान कराने के निर्देश दिए। सेवर के ग्राम चकदौलतपुर में खराब रास्ते के प्रकरण में 2 दिवस में समस्या समाधान के सानिवि को निर्देश दिए। बयाना के ग्राम खरैरी में आबादी भूमि पर अतिक्रमण को 15 दिवस में हटाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पात्रता के आधार पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के आवेदन मौके पर तैयार कराये गये।
लापरवाही पर 2 को नोटिस-
जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की समीक्षा करते हुए 15 दिवस से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों में सभी जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को व्यक्तिशः जांच कर 7 दिवस में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक-दुसरे विभाग से संबंधित परिवादों में अधिकारी आपसी संवाद बनाए रखकर समस्या का समाधान करें, जिससे परिवादी को बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े। भुसावर तहसील के ग्राम रणधीरगढ में अतिक्रमण हटाने के मामले में बार-बार राजस्व एवं पंचायतीराज में परिवाद स्थानांतरित करने एवं गम्भीरता से लेकर पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज, एसडीएम भारती गुप्ता, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं वीसी के माध्यम से सभी उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।