भरतपुर: 'ग्राम रथ अभियान' बना वरदान; तारबंदी योजना से किसान नेमीचंद की फसल होगी सुरक्षित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुँचाने के लिए संचालित 'ग्राम रथ अभियान' धरातल पर रंग ला रहा है। शुक्रवार को रूपवास पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रूंध रूपवास में आयोजित जनजागरूकता शिविर के दौरान एक पीड़ित किसान को मौके पर ही प्रशासनिक तत्परता से राहत प्रदान की गई।
मौके पर हुआ समस्या का समाधान:
ग्राम पंचायत रूंध रूपवास के निवासी किसान नेमीचंद ने कृषि विभाग की तारबंदी योजना के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्रक्रिया लंबित थी। शिविर के दौरान नेमीचंद ने अपनी समस्या उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल के समक्ष रखी। उपखंड अधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की और नेमीचंद के लिए तारबंदी योजना के तहत सहायता राशि स्वीकृत की।
फसलों को मिलेगा सुरक्षा कवच:
योजना का लाभ मिलने पर लाभार्थी नेमीचंद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उनके खेत आवारा पशुओं से सुरक्षित रहेंगे, जिससे फसल की पैदावार बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने इस त्वरित सहायता के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
: शिविर में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। उपखंड अधिकारी ने बताया कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे।


