नाणा में फिल्मी अंदाज में 5 किलोमीटर तक पीछा कर दबोचा; टायर फटने के बाद भी भागते रहे तस्कर; 3 गाड़ियां और 774 किलो डोडा पोस्त जब्त!

May 16, 2026 - 19:37
 0
नाणा में फिल्मी अंदाज में 5 किलोमीटर तक पीछा कर दबोचा; टायर फटने के बाद भी भागते रहे तस्कर; 3 गाड़ियां और 774 किलो डोडा पोस्त जब्त!

तखतगढ़ (बरकत खान) पाली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाणा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कुल 774 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। इस दौरान तस्करों ने पुलिस पर हवाई फायर कर भागने का दुस्साहस भी किया, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई के आगे उनकी एक न चली।

  • फायरिंग कर भाग रहे तस्करों की गाड़ी के उड़ाए टायर

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैन सिंह महेचा (बाली) ने बताया कि पहली बड़ी कार्रवाई नाणा पुलिस प्रभारी रतन सिंह देवड़ा, बेड़ा चौकी प्रभारी तेजसिंह जोधा और हीरासिंह चौहान की टीम द्वारा बेड़ा सेदला क्षेत्र में की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने जब एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकवाने का प्रयास किया, तो तस्करों ने पुलिस टीम को डराने के उद्देश्य से दो हवाई फायर झोंक दिए।

इस पर नाणा पुलिस ने गजब की सतर्कता और बहादुरी दिखाते हुए जवाबी फायर किया, जिससे तस्करों की गाड़ी का टायर ब्लास्ट हो गया। टायर फटने के बावजूद तस्कर करीब 5 किलोमीटर तक गाड़ी को घसीटते हुए भगाते रहे। आखिरकार पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो को दबोच लिया, जिसमें से 24 कट्टों में भरा कुल 460 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन को तत्काल जब्त कर लिया है।

  • डीएसटी और पुलिस की दो अन्य कार्रवाइयों में 'हैरियर' व 'रेनाल्ट' कार जब्त

इसी अभियान के तहत दूसरी बड़ी कार्रवाई जिला स्पेशल टीम (DST) द्वारा ठंडी बेरी क्षेत्र में की गई। यहाँ टीम ने एक टाटा हैरियर कार की तलाशी लेकर उसमें छुपाया गया 269 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया।

वहीं, तीसरी कार्रवाई भी नाणा थाना पुलिस ने ठंडी बेरी क्षेत्र में ही अंजाम दी। थाना प्रभारी रतन सिंह देवड़ा, एएसआई राजेंद्र सिंह, आसुराम बिश्नोई और गुलाबचंद की टीम ने एक रेनाल्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें दो बोरियों में भरा हुआ 45 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त पाया गया। इन तीनों बड़ी कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 774 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त करने में कामयाबी हासिल की है।

  • तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: एएसपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैन सिंह महेचा ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और इस काले कारोबार में लिप्त अपराधियों व तस्करों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................