ग्राम रथों की एलईडी स्क्रीन से लाइव आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा; पीपला गांव की संध्या चौपाल में जिला कलेक्टर सहित उमड़ा जनसैलाब
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए चलाए जा रहे 'ग्राम रथ अभियान' के तहत शनिवार को एक अनूठा नजारा देखने को मिला।
शनिवार को आयोजित 'संध्या चौपाल' के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम रथों पर लगी अत्याधुनिक एलईडी (LED) स्क्रीन के माध्यम से सीधे लाइव आकर ग्रामीणों से संवाद किया।
पूरे जिले में विधानसभावार विभिन्न गांवों में पहुंचे इन रथों के माध्यम से मुख्यमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।
- पीपला गांव में सजी जिला स्तरीय संध्या चौपाल
अभियान के तहत सेवर ब्लॉक के ग्राम पीपला में जिला स्तरीय मुख्य संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। यहाँ बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण जन, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के लाइव संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया
सरकार की जनहितैषी नीतियों व भविष्य के रोडमैप को सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ग्रामीण विकास को सरकार की मुख्य प्राथमिकता बताया।
- चौपाल में मौजूद रहे जिले के आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि
पीपला गांव में आयोजित इस भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशासनिक अमला और राजनीतिक पदाधिकारी एक साथ नजर आए। चौपाल में मुख्य रूप से जिला कलेक्टर कमर चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) घनश्याम शर्मा सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, शैलेश कौशिक, गिरधारी गुप्ता, भगवानदास शर्मा, देवेंद्र चामड सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के इस डिजिटल संवाद की सराहना की।


