खुशियां मातम में बदलीं: शादी के महज 15 दिन बाद उजड़ा सुहाग, तखतगढ़ लाते समय बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में युवक की मौत
तखतगढ़ (बरकत खां) आहोर थाना क्षेत्र के थांवला गांव में खुशियों वाले एक घर में अचानक मातम पसर गया। पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित एक 25 वर्षीय युवक की तखतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की शादी महज 15 दिन पूर्व ही हुई थी। इस असमय और दर्दनाक मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
- अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में हुए बेहोश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थांवला निवासी रामा राम (25) पुत्र तेजाराम देवासी पिछले दो दिनों से तेज बुखार की चपेट में था। गांव में ही उसका प्राथमिक उपचार चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर शनिवार को उसकी मां उसे इलाज के लिए निजी बस से तखतगढ़ लेकर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक रामा राम की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और वह बस में ही बेहोश हो गया।
- चिकित्सकों के भरसक प्रयास के बाद भी नहीं बची जान
तखतगढ़ बस स्टैंड पहुंचने पर बदहवास परिजन युवक को तुरंत एक ऑटो रिक्शा के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. अनुपम सिंह राजपुरोहित और नर्सिंग स्टाफ ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बचाने के पूरे और भरसक प्रयास किए। आपातकालीन उपचार की तमाम प्रक्रियाएं अपनाने के बावजूद युवक के शरीर में कोई सुधार नहीं हुआ और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- 15 दिन पहले ही सिर पर सजा था सेहरा
इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक रामा राम का विवाह महज 15 दिन पहले ही हरजी गांव में हुआ था। अभी घर से शादी की खुशियां और रस्में पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस वज्रपात से परिवार की दुनिया उजड़ गई। जवान बेटे की असमय मौत से मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


